यूपी बोर्ड परीक्षा में इंटरमीडिएट के प्रैक्टीकल के परीक्षक के रूप में एक ऐसे शिक्षक का मामला सामने आया है जिसने अंग्रेजी से एमए पास किया है और प्रैक्टीकल रसायन विज्ञान का ले आए। मामला सार्वजनिक इंटर कालेज चौरंगाहार का है। जिला विद्यालय निरीक्षक से की गई शिकायत में कहा गया है कि विद्यालय में पढ़ाने वाले गिरीश चंद्र शर्मा की योग्यता एमए अंग्रेजी है। उन्हें यूपी बोर्ड 2017 की परीक्षा के लिए इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान का परीक्षक नियुक्त किया गया। उसके आधार पर एटा जिले के चार विद्यालयों में वे प्रैक्टीकल की परीक्षा ले आए। विद्यालय के प्रधानाचार्य धनीराम ने बताया कि खुद के एमएससी होने का गिरीश चंद्र शर्मा ने हलफनामा दिया था। उसके आधार पर उन्हें प्रैक्टीकल के लिए रिलीव किया गया। अब उनसे शैक्षिक अभिलेख मांगे जाएंगे। अभिलेखों से सच्चाई सामने आ जाएगी। शिकायत में विद्यालय के छह अन्य शिक्षकों की शैक्षिक योग्यता पर सवाल उठाकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। ताकि छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ न हो सके। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक जितेंद्र सिंह यादव का कहना है कि इस तरह की उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। अगर वाकई इस तरह का कोई मामला है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।