मैनपुरी। ग्राम पंचायतों में सालों से तैनात सचिवों के कार्यक्षेत्र जिलाधिकारी के आदेश पर बदले गए थे, लेकिन एक पखवाड़ा बीतेने के बाद भी पुरानी ग्राम पंचायतों में ही बैठे हैं। लगातार सूचना के बाद भी उन पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। जिले में कुल 552 ग्राम पंचायतें हैं। जिनमें विकास कार्य कराने के लिए 135 पंचायत सचिवों की तैनाती की गई है।
इनमें से कुछ पंचायत सचिव ऐसे थे जिनके पास सालों से वहीं ग्राम पंचायतें थीं। इनमें कुछ पर अनियमितताओं के आरोप भी लगे थे। इस पर जिलाधिकारी ने 29 जून को सचिवों की ग्राम पंचायतें बदलने के आदेश दिए थे। जिसमें पंचायत सचिवों को समान ग्राम पंचायतें आवंटित करने के साथ ही दागी सचिवों को कम ग्राम पंचायतेें देने के लिए कहा गया था।
डीपीआरओ ने डीएम के आदेश के आधार पर सचिवों की ग्राम पंचायतें बदल दी थीं। जिसका आदेश भी सभी सचिवों को जारी कर दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी अब तक पंचायत सचिव पुरानी ग्राम पंचायतों में ही जमे बैठे हैं। अधिकारी रोजाना पंचायत सचिवों को नवीन तैनाती की ग्राम पंचायत में जाने के निर्देश दे रहे हैं, लेकिन उन पर कोई असर नहीं हो रहा है।