दशहरा पर्व समाप्त होने के बाद अब दीवाली पर्व की तैयारी शुरू हो गई है। एटा में रोशनी के पर्व पर पटाखों की बिक्री के लिए अस्थायी दुकानों के आवेदन आने लगे हैं। पांच से सात नवंबर तक ही अस्थाई पटाखा बाजार लगाया जाएगा।
खास बात यह है कि इस बार पटाखा कारोबारी इको फ्रेंडली पटाखों को तवज्जो दे रहे हैं। दरअसल, दीवाली के मौके पर पटाखों को लेकर सुप्रीम कोर्ट भी निर्देश जारी कर चुका है। इसलिए इको फ्रेंडली पटाखों को प्राथमिकता देते हुए पर्यावरण संरक्षण का ख्याल रखा जा रहा है।
बाजार में बड़े स्तर पर व्यापारी पटाखों की बिक्री करने आते हैं। इसके लिए एसडीएम के स्तर से लाइसेंस निर्गत किए जाते हैं। यह बाजार एटा में सैनिक पड़ाव, जलेसर में एमजीएम इंटर कालेज ग्राउंड, मारहरा में मोहल्ला तालागढ़ तालाब के पास और अलीगंज में भी लगाया जाता है।