दो दिन में गोवंशों की ईयर टैगिंग कराई जाए
-डीएम ने मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अविनाश कृष्ण सिंह ने सोमवार को मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की समीक्षा की। डीएम ने कहा कि गोआश्रय स्थलों में संरक्षित शतप्रतिशत गोवंशों का अभियान चलाकर दो दिन में ईयर टैगिंग कराई जाए। हर गोशाला में हरे चारे की व्यवस्था रहे। गोवंशों को निराश्रित छोडऩे वालों को चिन्हित कर उन्हें नोटिस जारी कर जुर्माना वसूला जाए।
डीएम ने कहा कि जलभराव वाले स्थान पर विशेष सतर्कता बरती जाए। जल निकासी के बेहतर प्रबंध किए जाएं। शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक नियमित रूप से एंटी लार्वा का छिड़काव, फोगिंग कराई जाए। जहां बुखार के ज्यादा मरीज मिलें, उन क्षेत्रों में स्वास्थ्य कैंप लगाकर मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएं। ग्रामीण क्षेत्र में निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। निर्माणाधीन परियोजनाओं में कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्य पूर्ण होने के बाद जिला स्तरीय टेक्निकल समिति से कार्यों की जांच कराने के बाद ही संबंधित विभाग को हैंडओवर किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग में भ्रमण पंजिका बनाई जाए। कार्यालय अवधि में कार्यालय से बाहर जाने पर भ्रमण पंजिका में अवश्य प्रविष्टि की जाए। ग्राम स्तरीय कार्मिकों का रोस्टर बनाकर ग्राम पंचायत सचिवालय पर लिखवाया जाए। सचिव प्रत्येक कार्य दिवस पर ग्राम पंचायत सचिवालय में उपस्थित रहें। निबंधन, आपूर्ति, परिवहन, राजस्व, विकास, उद्योग, समाज कल्याण विभाग में कोई भी बाहरी व्यक्ति कार्यालय में कार्य न करें। किसी बाहरी व्यक्ति से कोई शासकीय कार्य नहीं कराया जाए। यदि किसी कार्यालय में बाहरी व्यक्ति कार्य करते पाया गया तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर दंडात्मक कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि जिला पूर्ति अधिकारी अन्नपूर्णा मॉडल शॉप निर्माण की सघन मॉनिटरिंग करें। जनपद में 75 दुकानों का निर्माण होना है। इनमें से 45 पर कार्य चल रहा है। शेष 30 पर भी तत्काल कार्य प्रारंभ कराया जाए। बरनाहल के ग्राम बीनेपुर में रिक्त राशन की दुकान का तत्काल प्रस्ताव खंड विकास अधिकारी बरनाहल कराएं। सीडीओ विनोद कुमार, सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता, डीडीओ अजय कुमार, डीएफओ एसएन मौर्य, उपयुक्त एनआरएलएम शौकत अली, उपयुक्त मनरेगा पीसी राम, जिला प्रोवेशन अधिकारी रामनारायण, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुप्रिया गुप्ता, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. मदनलाल, जिला पूर्ति अधिकारी कयामुद्दीन अंसारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सुधीर कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरूण कुमार शुक्ला, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी पवन यादव मौजूद रहे।