आगरा में पिनाहट के थाना मंसुखपुरा क्षेत्र के अंतर्गत गांव अमरुपुरा में जमीनी को लेकर हुए विवाद में ताऊ और भतीजे के बीच झगड़ा हो गया। बताया गया है कि ताऊ ने अपने भतीजे पर हमला बोलकर मारपीट की और कान काट कर घायल कर दिया। झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक का मेडिकल करा कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सत्यनारायण पुत्र ग्यासी राम उम्र 31 वर्ष निवासी गांव अमरूपुरा थाना मंसुखपुरा में रहता है। उसका आरोप है कि बुधवार को खेत के बंटवारे की बातचीत चल रही थी। खेत बंटवारे को लेकर ताऊ जगदीश से विवाद के बाद कहासुनी हो गई। ताऊ अभद्रता करते हुए उग्र हो गए, जिसका विरोध करने पर उसने भतीजे सत्यनारायण पर हमला बोल दिया।
बताया गया है कि दोनों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान भतीजा ताऊ पर भारी पड़ रहा था। ताऊ ने खुद को बचाते हुए मुंह से भतीजे का कान काट लिया। जिस कारण युवक गंभीर घायल हो गया। झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक सत्यनारायण को सीएचसी केंद्र पिनाहट में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों द्वारा घायल का मेडिकल उपचार किया गया। वहीं पीड़ित ने आरोपी ताऊ के खिलाफ थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।