आगरा: ई-रिक्शा चालक को पकड़कर ले जाता पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में ई-रिक्शा चालकों ने एमजी रोड पर उनको प्रतिबंधित करने के विरोध में सोमवार की शाम को जिलाधिकारी आवास के सामने जमकर हंगामा किया। एक चालक ने कपड़े उतार फेंक दिए और आवास के सामने बैठ गया। चालकों का आरोप है कि पुलिस के उत्पीड़न के कारण रोजीरोटी कमाना मुश्किल हो गया है। पुलिस ने कपड़े उतारने वाले चालक को गिरफ्तार कर लिया।
एमजी रोड पर जाम की समस्या को दूर करने के लिए एसपी सिटी ने ई-रिक्शा, रिक्शा और ऑटोरिक्शा का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया है। एक सप्ताह में पुलिस ने एमजी रोड पर चलने वाले 50 से ज्यादा ई-रिक्शा, ऑटो बंद किए हैं। सोमवार की शाम को आधा दर्जन ई-रिक्शा चालकों ने जिलाधिकारी आवास के सामने हंगामा शुरू कर दिया।
उनका आरोप है कि एमजी रोड पर ई-रिक्शा का संचालन बंद करने के बाद से पुलिस उत्पीड़न कर रही है। कहीं भी चाबी निकालकर ई-रिक्शा बंद कर देती है। एमजी रोड को पार करने की इजाजत भी नहीं दी जा रही है। इससे ई-रिक्शा चालकों के सामने रोजीरोटी का संकट खड़ा हो गया है।
गोकुलपुरा टीला निवासी ई-रिक्शा चालक हरदेव मिश्रा ने प्रदर्शन के दौरान अपने कपड़े उतार फेंके और डीएम आवास के सुरक्षाकर्मियों से भिड़ गया। इसके बाद थाना रकाबगंज से पुलिस पहुंची तो अन्य रिक्शा चालक भाग निकले। पुलिस ने हरदेव को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर रकाबगंज ने बताया कि ई-रिक्शा चालक के विरुद्ध सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता करने का मुकदमा दर्ज करके जेल भेजा जाएगा।