सड़क हादसे में घायल ई-रिक्शा चालक ने तोड़ा दम
मैनपुरी। शहर के भांवत चौराहा के पास 18 अप्रैल को हुए सड़क हादसे में घायल अंबरपुर निवासी ई-रिक्शा चालक ने रविवार की सुबह दम तोड़ दिया। परिजन आगरा से छुट्टी कराने के बाद घर ले आए थे। अचानक हालत बिगड़ने के कुछ देर बाद ही मौत हो गई। परिजन की तहरीर के बाद कोतवाली पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव अंबरपुर निवासी राजेंद्र सिंह (45) ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। 18 अप्रैल को वह शहर के भांवत चौराहा पर आए थे। तभी मार्ग से गुजर रहे किसी वाहन की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिला अस्पताल से घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया था। वहां कुछ दिन उपचार के बाद जब स्वास्थ्य लाभ नहीं हुआ तो परिजन आगरा ले गए थे। हालत में सुधार होने के बाद परिजन राजेंद्र को घर ले आए थे। रविवार की सुबह अचानक राजेंद्र की हालत फिर से बिगड़ गई। आनन-फानन परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। संवाद