फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विजयदशमी: ताजनगरी की समस्याओं पर 'रावण' के 10 यक्ष प्रश्न

Sun, 25 Oct 2020 11:33 AM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
ताजमहल के पीछे यमुना में गंदगी (फाइल) - फोटो : PTI
विज्ञापन

घटिया आजम खां से गुजरते हुए गड्ढे में टायर फंसने पर बाइक रुकी ही थी कि अट्टहास सुनाई दिया हा.. हा.. हा..। मैं चौंका। तभी आदमकद छाया दिखाई दी। मैंने पूछा, कौन हो तुम... उत्तर मिला, तुम्हें क्या लगता है। मैंने कहा, इस धरा के तो नहीं लगते। फिर से अट्टहास और आवाज गूंजी.. सही कहा तुमने, मैं इस धरा का नहीं, मैं दशानन लंकापति रावण हूं। जब त्रेता में राम ने मुझे मोक्ष दे दिया, तो अब हर साल मुझे क्यों मारते हो। मैं बताने आया हूं कि रावण तुम्हारे अंदर है, उसे मारो, मेरे सवालों के जवाब दे सको तो तुम्हें अपने युग के रावण का पता मिल जाएगा, सुनो...

विज्ञापन



1. क्यों नहीं रोक पा रहे पानी की बर्बादी
तुम्हारे शहर के जिम्मेदार संकल्प लेते हैं पानी की एक-एक बूंद बचाने का लेकिन लीकेज से हर साल पांच करोड़ लीटर से ज्यादा गंगाजल सड़कों पर बह जाता है जबकि लोग एक-एक बाल्टी पानी के लिए सुबह से दौड़ लगाते हैं।

2. सड़कों पर क्यों पड़ा है कचरा
तुम्हारे शहर की गंदगी के लिए कौन जिम्मेदार है। 100 मीट्रिक टन कचरा रोज सड़कों पर रह जाता है। सेवला, मंटोला, शास्त्रीपुरम, लोहामंडी में कचरे की बदबू दिनभर रहती है। सिकंदरा, महर्षिपुरम सहित आधे शहर के 1.5 लाख घरों से कचरा उठता ही नहीं।

विज्ञापन

3. तुम्हारे शहर की हवा खतरनाक कैसे हो गई
है कोई जवाब तुम्हारे पास। इसमें मेरी तो कोई गलती नहीं है। मैं तो नहीं आता कूड़े केढेर में आग लगाने के लिए, फिर सांसों में जहर कौन घोलता है। तुम्हारा नगर निगम और पुलिस क्या कर रहे हैं।

4. नहर और तालाबों से कब्जे कौन हटाएगा
क्या तुम लोग ये उम्मीद लगाए बैठे हो कि ताजनगरी में तालाबों को पाटकर खड़ी की इमारतों को हटाने के लिए राम आएंगे और नहर की जिस जमीन पर रेस्तरां, ढाबे, पाकिंग बना लिए, उसे राम की सेना खाली कराएगी। जवाब दो, अफसरों की फौज किसलिए है।

5. साइबर अपराधी क्यों नहीं पकड़े जा रहे
तुम्हारे जिले के सांसद और एसएसपी तक के फेसबुक एकाउंट हैक  हो गए। तुम्हारी पुलिस साइबर अपराधियों को क्यों नहीं पकड़ पा रही। महीने में 30 से ज्यादा साइबर वारदात हो रही हैं।

6. नशे की दवाओं के अपराधी कब पकड़े जाएंगे
तुम्हारे देश में कहीं भी नशे की दवा पकड़ी जाती है, तो सबसे पहले तुम्हारे शहर का नाम आता है। हरियाणा और पंजाब वाले कहते हैं कि ये आगरा गैंग का काम है। तुम्हारे अफसर नशे के सौदागरों को क्यों नहीं पकड़ते।

7. संगीता को जिंदा किसने जलाया
बोलो... मैं तो नहीं आया था। कहां थी पुलिस, क्यों नहीं बचा पाए उसे। नगला किशन लाल में पूरा परिवार क्यों जला दिया गया। मैंने तो एक सीता का हरण किया था, तुम्हारी ताजनगरी में हर साल 80 किशोरियों का अपहरण होता है।

8. सड़कों के गड्ढे कब भरे जाएंगे
मेरी लंका में सोने की सड़कें थीं, तुम डामर की ही बनाकर दिखा दो। चलो, गड्ढे भरने की तारीख ही बता दो, सिर्फ मैं नहीं, धरने पर बैठे दयालबाग के लोग भी पूछ रहे हैं कि धंसी सड़क की मरम्मत कब होगी। क्या तुम शहर की ऐसी पांच सड़कों के नाम बता सकते हो जो गड्ढा मुक्त हों।
विज्ञापन

9. सड़क पर सीवर बहना कब खत्म होगा
तुम्हारे शहर में 25 फीसदी (225 किमी) सीवर लाइनें चोक हैं। आवास विकास, पश्चिमपुरी, बल्केश्वर, लोहामंडी, रूई की मंडी, शहीद नगर, गोकुलपुरा में लोग बदबू केबीच रहने को मजबूर हैं। तुम्हारे पास इसका है कोई जवाब कि 42 करोड़ सालाना खर्च करके भी शहर में सीवर सड़क पर बह रहा है।

10. तुम्हारी यमुना इतनी मैली क्यों है
जिस यमुना में द्वापर में कन्हैया नहाते थे, तुम्हारे अफसर उसे साफ क्यों नहीं रख पा रहे। नदी में गिरते 61 नाले क्यों टेप नहीं हुए। कोई बताएगा कि लॉकडाउन में साफ हुई कालिंदी फिर से मैली क्यों हो गई। आखिर किसी की तो जिम्मेदारी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें