टूंडला के ठाकुर बीरीसिंह इंटर कॉलेज में व्यवस्थाएं देखते डीएम चन्द्रविजय सिंह व अन्य अधिकारी।
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा बुधवार को हेलीकॉप्टर से टूंडला पहुंचेंगे। इस दौरान वे उपचुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं से साथ बैठक करेंगे। साथ ही चुनाव जीतने को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। उधर, जिलाधिकारी चंद्रविजय सिंह ने आला अधिकारियों सहित मंगलवार को ठाकुर बीरी सिंह डिग्री कॉलेज पहुंचकर हेलीपैड का स्थलीय निरीक्षण किया।
टूंडला विधानसभा सुरक्षित सीट के उपचुनाव को लेकर सभी दलों ने कमर कस ली है। जहां सपा और बसपा के प्रत्याशी अपने प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं, वहीं उपचुनाव को लेकर भाजपा भी सक्रिय हो गई है। एसडीएम राजेश वर्मा ने बताया कि उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा हेलीकॉप्टर से यहां बुधवार पूर्वाह्न 11.15 बजे पहुंचेंगे और 11.25 बजे कार से बैठक स्थल फिरोजाबाद रोड स्थित एक मैरिज होम में पधारेंगे।
यहां वह चुनाव से संबंधित भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा वह जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अलावा अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे। एसपी सिटी ने उपमुख्यमंत्री के लिए भाजपा नेता वृंदावन गुप्ता के आवास पर भोजन व्यवस्था को लेकर नई बस्ती का निरीक्षण किया और आवागमन की सभी व्यवस्थाएं देखीं।
उपमुख्यमंत्री दोपहर करीब 3:25 बजे ठाकुर बीरी सिंह कॉलेज से लखनऊ के लिए हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर जाएंगे। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त विजय कुमार, एसपी सिटी मुकेश कुमार मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह, एसडीएम राजेश वर्मा और पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेन्द्र कुमार मौजूद रहे।