घर से टहलने के लिए निकले वृद्ध को डंपर ने मारी टक्कर, मौत
- जीटी रोड पर हुआ हादसा, पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरावली। थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह जीटी रोड पर टहलने के लिए निकले अशोकपुर निवासी वृद्ध को डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने वृद्ध के शव का पोस्टमार्टम कराया। हादसे के बाद वृद्ध के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव अशोकपुर निवासी राजेंद्र सिंह (65) मंगलवार की सुबह रोजाना की तरह सुबह करीब 6 बजे घर के बाहर जीटी रोड पर टहलने के लिए निकले थे। वह जब गुप्ता होटल के पास पहुंचे, तभी मार्ग से गुजर रहे डंपर ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी होने के बाद मृतक के रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। उधर सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर आ गई। वृद्ध के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजन ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। हादसे के बाद मृतक के परिजन का रो- रोकर बुरा हाल है। घर में चीख पुकार मची है।