फोटो 2बेकाबू कंटेनर से बचने की कोशिश में गिट्टी से भरा डंपर मकान में घुसा, परिवार बाल-बाल बचा
खेरागढ़। थाना क्षेत्र के कागारौल मार्ग पर शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। अवंतीबाई प्रवेश द्वार के पास बेकाबू कंटेनर से बचने के प्रयास में डस्ट से भरा डंपर एक अधिवक्ता के मकान में घुस गया। मकान का लोहे का मुख्य गेट और पक्का पिलर ढह गया। गनीमत रही परिवार बाल-बाल बच गया।
हादसा रात 11 बजे करीब हुआ। पुलिस के अनुसार कागारौल की ओर से कंटेनर तेज रफ्तार में आ रहा था। बेकाबू कंटेनर से टक्कर बचाने के प्रयास में डस्ट से भरा डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित अधिवक्ता अजब सिंह के मकान में जा घुसा। डंपर नाला पार कर मकान के मुख्य प्रवेश द्वार में फंस गया। मकान का लोहे का मुख्य गेट और पक्का पिलर ढह गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि रात में परिवार के सभी लोग अंदर सो रहे थे। दुर्घटना के समय मुख्य गेट के पास कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। गृहस्वामी अधिवक्ता अजब सिंह की सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया।