कासगंज में सोरोंजी के गांव लहरा के निकट पहुंचा गंगा का पानी ।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। पिछले 48 घंटे में गंगा के जलस्तर में वृद्धि होने के कारण लहरा सड़क से तीन किलोमीटर दूर बह रही गंगा की धारा अब सड़क तक आ चुकी है। ऐसी स्थिति में लहरा गंगाघाट पर लगा कांवड़ मेला उखड़ गया है। इससे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को दिक्कतें हो रही हैं। अब सड़क किनारे ही पगडंडी के रास्ते से उतरकर श्रद्धालु कांवड़ भर रहे हैं और गंगा स्नान भी कर रहे हैं। प्रशासन के द्वारा अब सड़क किनारे इंतजाम किया गया है।
गंगा के जलस्तर में पिछले 48 घंटे में नरौरा बैराज से डिस्चार्ज किया पानी पहुंचने से बढ़ोत्तरी हुई। हालांकि गंगा के पानी का फैलाव बढ़ने के कारण ब्रिज के निशान पर गंगा का जलस्तर 10 सेंटीमीटर कम हुआ है, लेकिन फैलाव का दायरा बढ़ रहा है। गंगा के पानी के फैलाव का अंदाजा लहरा से ही लगाया जा सकता है। जहां गंगा फैलाव करके तीन किलोमीटर सड़क की ओर आ गई और लहरा, डिंगलेस नगर की आबादी के पास तक पानी पहुंच चुका है। लहरा गंगाघाट से दुकानदारों ने टेंट तंबुओं और झोपड़ियों में लगीं कांवड़ की दुकानें हटा ली हैं। अब सड़क के किनारे ही मैदान में दुकानें लगना शुरू हो गई है।
वहीं कछला गंगाघाट पर भी पानी घाट की सड़क तक जा पहुंचा है। शहबाजपुर गंगाघाट पर तीन दिन पहले ही गंगा का पानी पहुंच गया था और यह पानी का फैलाव सड़क तक पहुंच गया है। कांवड़ लहरा गंगाघाट पर तहसीलदार अजय कुमार ने सुबह के समय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और लहरा सड़क के किनारे एक मैदान में मेला लगाने के निर्देश दिए। नगरपालिका कर्मियों को मैदान की सफाई करने के निर्देश दिए गए।