कासगंज। गंगा के जलस्तर में लगातार उतार चढ़ाव चल रहा है। पहाडों पर बारिश से हरिद्वार बैराज से पानी का प्रवाह पिछले तीन दिनों से लगातार पानी का प्रवाह बढ़ रहा है। इसका असर आगामी दिनों में जिले में आ जाएगा। हालांकि नरौरा बैराज से प्रवाह कम होने के कारण बुधवार को जलस्तर 10 सेंटीमीटर कम हो गया है।रविवार से अब तक गंगा के प्रवाह में करीब 20 हजार क्यूसेक पानी की वृद्धि हो गई है। हरिद्वार की वृद्धि का असर बुधवार को बिजनौर बैराज पर आंशिक रूप से आया। बिजनौर से पांच हजार क्यूसेक पानी का प्रवाह बढ़ा। वहीं नरौरा बैराज से पानी का प्रवाह कम हुआ है। इससे जलस्तर में 10 सेंटीमीटर की कमी आई है। हरिद्वार से प्रवाह बढ़ने का असर एक दो दिन में कछला ब्रिज पर होगा जिससे जलस्तर में वृद्धि हो सकती है। जलस्तर की वृद्धि से जिले में बाढ़ का प्रवाह तो नहीं है, लेकिन गंगाघाटों पर स्नान के लिए पहुंच रहे कांवड़ियों को दिक्कतें हो सकती हैं। सिंचाई विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। तटीय इलाकों के ग्रामीण भी सतर्क हैं। वहीं, अधिशासी अभियंता शेर सिंह का कहना है कि पहाड़ों पर बारिश के कारण हरिद्वार से प्रवाह बढ़ा है। इससे जलस्तर में आगामी समय में वृद्धि होगी, लेकिन जिले में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है।