सोरोंजी। तीर्थनगरी में हर बृहस्पतिवार को मेला ग्राउंड में लगने वाले मीना बाजार पर बजरंग दल का विरोध भारी पड़ा। कार्यकर्ताओं ने आयोजन स्थल पर जाकर विरोध जताया। इसके बाद दुकानें लगाने पहुंचे विक्रेता अपना सामान लेकर लौट गए। इस बीच नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने भी आदेश जारी कर मीना बाजार के लगाए जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। बजरंग दल, विहिप आदि हिंदू संगठनों का आरोप था कि यह बाजार अवैध रूप से मेला ग्राउंड में लगाया जाता है। इस बाजार में अल्पसंख्यक समुदाय के दुकानदार आकर बाजार आने वाली महिलाओं व युवतियों से अभद्रता करते हैं। कई बार यहां इसे लेकर हंगामा भी हो चुका है। इसके चलते इस बाजार को बंद कराने की मांग संगठनों ने डीएम, एसपी व पालिकाध्यक्ष सोरोंजी से की थी। बृहस्पतिवार की सुबह बजरंग दल के कार्यकर्ता मीना बाजार को नहीं लगने देने के लिए मेला ग्राउंड पहुंच गए। उधर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने भी बढ़ते दबाव को देखते हुए मीना बाजार को नगर पालिका क्षेत्र में लगाने पर प्रतिबंध लगाते हुए आदेश जारी कर दिया। प्रतिबंध से बेखबर कारोबारी सुबह जब वाहनों में सामान लादकर मेला ग्राउंड पहुंचे तो यहां बजरंग दल के कड़े विरोध के चलते उन्हें वापस लौटना पड़ा।