पटियाली। पटियाली-अलीगंज हाइवे मार्ग स्थित ग्राम दरियावगंज के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से एक लोडर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मंगलवार को सुबह उस समय हुआ जब कोहरे में चालक अपने लोडर का शीशा साफ कर रहा था। मृतक चालक के भाई ने कोतवाली में अज्ञात वाहन के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया है।थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के ग्राम बरौना निवासी शमशाद (32) पुत्र सरदार लोडर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मंगलवार की सुबह वह ग्राम खुशहाली नगला से दो भैंस लेकर फर्रुखाबाद छोड़ने जा रहा था। वह जैसे ही पटियाली-अलीगंज हाइवे मार्ग स्थित दरियावगंज के निकट पहुंचा तो घने कोहरे से उसके लोडर टेंपो का शीशा पर धुंध की परत जम गई। उसने शीशे को साफ करने के उद्देश्य से लोडर टेंपो को सड़क किनारे खड़ा किया और बाहर निकल कर शीशा साफ करने लगा। इस बीच पटियाली की ओर से जा रही तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में शमशाद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना जैसे ही उसके परिजनों को हुई तो घर में चीत्कार मच गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शमशाद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई भूरे ने कोतवाली में अज्ञात वाहन के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया है।