कासगंज। मंगलवार को सीजन का पहला घना कोहरा पड़ा। सोमवार की रात से ही इसकी शुरुआत हो गई थी। मंगलवार को पूरे दिन कोहरा छाया रहा। कोहरे का सर्वाधिक प्रभाव परिवहन सेवाओं पर नजर आया। 4 ट्रेनें विलंब से पहुंचीं। वहीं, रोडवेज डिपो से निकलने वाली दिल्ली रूट की बसें 30 से 45 मिनट की देरी से रवाना हुईं। दिन में कुछ देर के लिए धूप चमकी, लेकिन फिर बादल छाने से कोहरे पुन: वापसी की। इस दौरान हल्की ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। कोहरे के कारण गोरखपुर से अहमदाबाद जाने वाली ट्रेन संख्या 19410 को सोमवार की सायं 5 बजे पहुंचना था। यह ट्रेन रात्रि को 12:45 बजे पहुंची। अहमदाबाद की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं भरतपुर से कासगंज आने वाली ट्रेन डेढ़ घंटे विलंब से पहुंची। मंगलवार को सुबह 11 बजे ट्रेन आने का समय है। यह ट्रेन डेढ़ घंटे की देरी से 12:30 बजे पहुंची। वहीं भागलपुर-गांधीधाम एक्सप्रेस को भागलपुर से चलकर सुबह 6:15 बजे कासगंज जंक्शन पर पहुंचना था, लेकिन यह ट्रेन अपराह्न 2:45 बजे जंक्शन पर पहुंची। वहीं फर्रुखाबाद से कासगंज आने वाली ट्रेन संख्या 05350 फर्रुखाबाद-कासगंज करीब एक घंटा आठ मिनट विलंब से पहुंची। इस ट्रेन के पहुंचने का समय 7:50 बजे है। यह ट्रेन 8:58 बजे स्टेशन पर पहुंची। फर्रुखाबाद की ओर से आने वाले तमाम यात्रियों जंक्शन से मथुरा की ओर 8 बजे चलने वाली ट्रेन छूट गई और यात्री परेशान हुए।वहीं, रोडवेज बस स्टैंड पर कोहरे और कड़ाके की ठंड के कारण यात्रियों की संख्या कम थी, लेकिन कोहरे के कारण बसों को समय से नहीं निकाला जा सका। दिल्ली की ओर जाने वाली बसें आधा से पौन घंटा देरी से निकाली गईं। इसके अलावा कासगंज-बरेली और मथुरा मार्ग पर वाहन चालकों को कोहरे के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वाहन चालकों को जीरो दृश्यता होने के कारण काफी परेशानियां हुईं। बाहरी इलाकों में कोहरे का प्रभाव काफी अधिक रहा। मंगलवार की सायं से ही कोहरा और घना होने लगा।