फिल्म अभिनेत्री, बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल और मथुरा की सांसद हेमामालिनी को हिंदी सिनेमा में उनके योगदान के लिए रूस में अवार्ड से नवाजा गया। वहां उनकी डबल रोल वाली फिल्म सीता और गीता के लोग दीवाने हैं।
बताया गया है कि शोमैन राजकपूर के बाद हेमामालिनी रुस में चहेती अभिनेत्रियों में शुमार है। उनकी फिल्म सीता और गीता आज भी रसियन सिनेमा में छाई है। खुद हेमामालिनी सीता-गीता फिल्म को अपनी सबसे बेहतरीन फिल्म बताती हैं।
इसी क्रम में 30 सितंबर को फिल्म अभिनेत्री और मथुरा की सांसद हेमामालिनी को रुस में अवार्ड से नवाजा गया तो ऑडोटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। हर कोई उनके सम्मान से प्रफुल्लित दिखा। हेमामालिनी के सम्मान के बाद उनकी फिल्म सीता और गीता की काफी सराहना की गई।
उनके हिंदी सिनेमा में योगदान को भी सराहा गया। हेमामालिनी ने 100 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया है। अवार्ड लेने के बाद वे रूस में रह रहे भारतीयों से भी मिलीं। काफी देर तक इन लोगों के बीच रहकर बातचीत की।