आगरा। एमडी जैन इंटर कॉलेज में विज्ञान के शिक्षक डॉ. निखिल जैन को राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चुना गया है। वह मूल रूप से कासगंज के रहने वाले हैं।
यमुनोत्री कॉलोनी, कमला नगर निवासी डॉ. जैन वर्ष 2009 से एमडी जैन इंटर काॅलेज में तैनात हैं। उन्होंने कासगंज के सुमंत कुमार माहेश्वरी इंटर कॉलेज में वर्ष 2001 में अध्यापन कार्य शुरू किया। डॉ. जैन ने बताया कि विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुझान विकसित करने के लिए उन्होंने प्रयोग करके पढ़ाना शुरू किया। खेल-खेल में विज्ञान की पढ़ाई कराने के कारण अब तक उनके दो हजार से ज्यादा विद्यार्थी विभिन्न पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि उनके छात्र सुमित बघेल और सनी ने इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में राष्ट्रीय स्तर पर लगातार दो वर्ष तक प्रतिभाग किया। सुमित ने सेफ्टी रोलर बैरियर बनाया था, जिससे दुर्घटना में चालक को कम हानि हो, वहीं सनी ने बहुमंजिला इमारत में आग लगने पर लोगों को आसानी से निकालने की तकनीक विकसित की है।
डॉ. जैन को मिल चुके हैं कई पुरस्कार
राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित डॉ. जैन को पूर्व में भी कई पुरस्कार मिल चुके हैं। वर्ष 2017 में उनको प्रो. यशपाल सम्मान मिला। इसके अलावा राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी की ओर से विज्ञान शिक्षक अवार्ड, अर्थियन पर्यावरण अवार्ड सहित कई राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं।