डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन 160 कॉलेजों पर 50-50 हजार रुपये जुर्माना वसूलने की तैयारी कर रहा है। इन कॉलेजों ने कई नोटिस देने के बाद भी प्रायोगिक परीक्षा के अंक नहीं भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट बनाई जा रही है। परीक्षा नियंत्रक के अनुसार सूची बनाकर कुलपति से जुर्माना लगाने की संस्तुति की जाएगी।
विश्वविद्यालय के 200 कॉलेजों ने 2019-20 सत्र के प्रयोगात्मक परीक्षाओं के अंक और सीडी उपलब्ध नहीं कराई है। इस कारण छात्रों के परिणाम रुके हुए हैं। विश्वविद्यालय ने कई बार रिमाइंडर देने पर भी इन कॉलेजों ने प्रायोगिक परीक्षा की रिपोर्ट विवि में जमा नहीं की है। ऐसे कॉलेजों को विवि ने 10 दिसंबर तक अंक जमा करने के लिए अंतिम तिथि दी थी। इसके बाद कॉलेजों पर 50 हजार रुपये जुर्माना वसूलने की चेतावनी दी थी। अब भी इनमें से करीब 160 कॉलेेजों ने रिपोर्ट नहीं दी है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि लगातार नोटिस देने पर भी कॉलेज संचालक जानकारी नहीं दे रहे हैं। जिससे मार्कशीट और डिग्री का कार्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे करीब 160 कॉलेजों पर 50-50 हजार रुपये आर्थिक दंड लगाया जाएगा। रिपोर्ट कुलपति को भेजेंगे।