डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राएं अब ऑनलाइन देख सकेंगे कि उनकी समस्या या शिकायत का समाधान हुआ कि नहीं। विश्वविद्यालय प्रशासन हेल्प डेस्क पर प्रार्थनापत्र देने वालों को प्रार्थनापत्र का नंबर दे रहा है। अब यह व्यवस्था की गई है कि इस नंबर की सहायता से विवि की वेबसाइट पर अपने आवेदन के निस्तारण की स्थिति की जानकारी कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर www.dbrau.org.in पर ‘नो हेल्प डेस्क स्टेटस’ नाम से लिंक दिया गया है। अभ्यर्थियों को इस लिंक पर जाकर हेल्प डेस्क से दिए गए आवेदन के नंबर को डालना होगा, इसके बाद पता चल जाएगा कि उसके आवेदन की स्थिति क्या है? वह किस विभाग में है?
इससे पहले हेल्प डेस्क पर दिए जाने वाले प्रार्थनापत्र का रिकॉर्ड नहीं रखा जाता था, न ही छात्रों को आवेदन की कोई रसीद या नंबर दिया जाता था। इस कारण छात्रों को बार-बार आवेदन करना पड़ता था। समाजवादी छात्रसभा के जिला महासचिव रवि यादव ने छात्र-छात्राओं की समस्याओं का समाधान तय समय में करने की मांग की है।