आगरा। आईपीएल 2026 की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से 14.20 करोड़ रुपये में खरीदे गए स्टार क्रिकेटर कार्तिक शर्मा के घर दोहरी खुशियां आई हैं। अब उनके छोटे भाई अनमोल शर्मा को राज सिंह डूंगरपुर अंडर-14 क्रिकेट ट्रॉफी के लिए राजस्थान टीम की कमान सौंपी गई है।
यह ट्रॉफी 15 जनवरी से इंदौर में शुरू होने जा रही है। देशभर की दिग्गज टीमों के बीच यहां मुकाबले होंगे। मूलरूप से भरतपुर, राजस्थान निवासी अनमोल ने अपने बड़े भाई कार्तिक की तरह आगरा की पिचों पर ही अपनी प्रतिभा का निखार किया है। आगरा के बोदला क्षेत्र में रहने वाले पिता मनोज शर्मा फोन पर हुई बातचीत में भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि आगरा में रहकर दोनों ने जो तपस्या की, आज उसका फल मिल रहा है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में दोनों भाई भारतीय टीम की जर्सी में नजर आएंगे।