सिढ़पुरा। गंगासागर मेले में सोमवार की देर रात कव्वाली मुकाबले का आयोजन किया गया। इसमें कव्वालियों का लोगों ने लुत्फ उठाया। वहीं बच्चों और युवाओं ने झूलें पर मस्ती की। लोगों ने मेले में जरूरत के सामान भी खरीदे।
कव्वाैली का मुकाबला आगरा के कव्वाल फैजान और जमील कव्वाल की टीम के बीच हुआ। दोनों ओर से एक से बढ़कर एक नज्म पेश की गईं। जिन्हें लोगों ने सराहा। लाल हरे रंगों में हमको मत बांटो, सिर के ऊपर तिंरगा रहने दो और दर्द सहकर भी तेरे नाम लिए जाते हैं। देर रात तक लोगों ने कव्वालियों का लुत्फ लिया। कव्वालों ने लोगों को तालियां बजाने के लिए मजबूर कर दिया। लोग कव्वालियों पर थिरकते रहे।
आस-पास के क्षेत्रों से लोग गंगासागर मेले में पहुंचे। छोटे-बड़े झूले, मिठाई की दुकानें, चाट-पकौड़ों के हथठेलों पर लोगों की भीड़ रही। बच्चे खेलकूद के सामान की खरीदारी कर रहे थे। जबकि महिलाओं ने बक्सा, सिल बटना व अन्य घरेलू सामान की खरीदारी की। मेले में मेला गंगासागर समिति के सचिव रवीश गुप्ता, हनी गुप्ता, प्रांजल, सुनील गुप्ता चौधरी, सुबोध गुप्ता आदि मौजूद रहे।