लॉकडाउन में भी चोरी की वारदात नहीं रुक रही हैं। आगरा में गुरुवार रात को चोरों ने बल्केश्वर स्थित दो मंदिरों के ताले तोड़कर चोरी की। साईं नाथ मंदिर के दानपात्र से नकदी चोरी करके ले गए, जबकि दुर्गा देवी मंदिर से दानपात्र और साउंड सिस्टम ही उठा ले गए।
बल्केश्वर रोड पर पार्क के पास साईं नाथ मंदिर है। इसके महंत जितेंद्र प्रसाद द्विवेदी हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर के दो गेट हैं। गुरुवार रात को छोटे गेट का ताला तोड़कर चोर घुस गए। चोरों ने दान पेटी का कुंडा तोड़ दिया।
इसके बाद नकदी निकाल ली। इसमें दो महीने की दान की रकम थी। रकम चोर ले गए। नवंबर 2019 को भी मंदिर में ताला तोड़कर चोरी हुई थी। तब चोर छत्र और दान पेटी से रुपये, साउंड सिस्टम निकालकर ले गए थे।
दूसरी वारदात यहां हुई
दूसरी घटना बल्केश्वर में ही कैलाश नगर स्थित दुर्गा देवी मंदिर में हुई। मंदिर के समीप रहने वाले सचेंद्र कुमार ने बताया कि चोरों ने स्टील के गेट का कुंडा तोड़ दिया। इसके बाद अंदर प्रवेश कर गए। चोर मंदिर में रखी दान पेटी और साउंड सिस्टम चोरी करके ले गए।
सुबह मंदिर में पूजा अर्चना करने आए लोगों ने कुंडा टूटा देखा। इस पर पुलिस को सूचना दी। घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि पुलिस की गश्त न होने से चोर फायदा उठा रहे हैं।
परिवार सोता रहा, चोर ले गए जेवरात
हरीपर्वत के मंडी सईद खां में चोरों ने शिक्षिका के घर में चोरी की। इस दौरान परिवार सोता रहा और चोर नकदी और जेवरात चोरी करके ले गए। पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया है।
चोरी की वारदात
- ट्रांस यमुना कॉलोनी में इलेक्ट्रॉनिक के शोरूम में चोरी।
- शाहदरा में घर में लाखों की चोरी।
- सिकंदरा की कॉलोनी में पांच घरों में चोरी।
- नीति बाग कॉलोनी में घर में लाखों की चोरी।
- टेढ़ी बगिया में परचून की दुकान में चोरी।