ताजमहल में आवारा कुत्तों, बंदरों और सांड़ के आतंक के शिकार कई विदेशी और भारतीय सैलानी हो चुके हैं। ताजमहल पर लगातार हो रहीं इन घटनाओं पर इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत की है, जिसके बाद पर्यटन महानिदेशक अवनीश कुमार अवस्थी ने कमिश्नर और डीएम को कुत्तों और बंदरों के आंतक से पर्यटकों को निजात दिलाने के लिए कार्रवाई करने को कहा है।
इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (आइटो) ने मुख्यमंत्री को भेजी गई शिकायत में अमर उजाला की खबरों को संलग्न किया है। आइटो ने कहा है कि ताजमहल और आगरा किले के पास आवारा कुत्ते और बंदर पर्यटकों पर हमले कर रहे हैं। फ्रांस और आस्ट्रियाई पर्यटक इनके शिकार हो चुके हैं।
कहा कि ताजमहल आइकोनिक और देश के पर्यटक का आइना है। ऐसी घटनाएं लगातार होने पर पर्यटकों में डर बैठेगा और इससे पर्यटकों की आवाजाही प्रभावित होगी। सीएम को भेजी गई इस शिकायत पर पर्यटन महानिदेशक अवनीश कुमार अवस्थी ने कमिश्नर और डीएम को तुरंत कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है।
हालांकि नगर निगम फिर भी आवारा जानवरों के खिलाफ कागजी कार्रवाई ही करता दिखा रहा है। नगर निगम के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश शर्मा के मुताबिक ताजमहल पर आवारा जानवरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। हमने कई कुत्ते पक ड़े हैं। अभियान जारी है।