सिंधी बाजार में अतिक्रमण विरोधी अभियान को फिलहाल दस्तावेजी कार्यवाही ने रोक दिया है। प्रशासन चाहता है कि एसएन मेडिकल कालेज के बराबर से बनीं दुकानों को हटा दिया जाए, लेकिन व्यापारी इसका विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब नगर निगम ने दुकानों का आवंटन किया और किराया वसूला तो यह अवैध कैसे हो गईं। सिटी मजिस्ट्रेट ने अब इस मामले की जांच कराने और दस्तावेजों के साक्ष्यों के आधार पर एक रिपोर्ट बनाकर जिलाधिकारी को सौंपने का मन बना लिया है।
सिटी मजिस्ट्रेट रेखा एस चौहान ने बताया कि फिलहाल सिंधी मार्केट पर कोई फैसला नहीं हुआ है। दुकानदार अपने स्तर से साक्ष्य उपलब्ध कराने का दावा कर रहे थे, लेकिन अभी तक उन्होंने कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए हैं। नगर निगम के अधिकारियों से भी उनके दस्तावेज मांगे गए हैं। इसके आधार पर एक नक्शा तैयार किया जाएगा। साक्ष्यों का परीक्षण कराकर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके लिए मंगलवार को एक लेखपाल नक्शा तैयार करेंगे। रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी। वरिष्ठ अधिकारी जो फैसला करेंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर सिंधी मार्केट के व्यापारियों का धरना जारी है। कुछ दुकानदारों का कहना है कि यदि प्रशासन उन्हें हटाना चाहता है तो पहले उनके लिए दुकानों की व्यवस्था करे।
आज हींग की मंडी में चलेगी जेसीबी
सिंधी मार्केट का मामला भले ही उलझ गया हो, लेकिन अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। सिटी मजिस्ट्रेट रेखा एस चौहान ने बताया कि तीन दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार को हींग की मंडी बाजार से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।