पटियाली। एसडीएम के स्थानांतरण की मांग को लेकर पटियाली बार एसोसिएशन के नेतृत्व में अधिवक्ता आंदोलन पर है। बुधवार को कमिश्नर से वार्ता के बाद बृहस्पतिवार से दस्तावेज लेखक, स्टांप विक्रेता और टाइपिस्ट काम पर लौट आएंगे। हालांकि अधिवक्ताओं का आंदोलन जारी रहेगा। विगत 27 जनवरी से अधिवक्ताओं के साथ दस्तावेज लेखक, स्टांप विक्रेता व टाइपिस्टों की हड़ताल चल रही थी।
पटियाली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि कमिश्नर से सकारात्मक वार्ता के बाद राजस्व हित में बृहस्पतिवार से निबंधन से जुड़ा कार्य शुरू कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि कमिश्नर की वार्ता से अधिवक्ता संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि पटियाली एसडीएम के स्थानांतरण पर भी वार्ता हुई, लेकिन इस मांग का हल नहीं हो सका है।
ऐसी स्थिति में अधिवक्ताओं का आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। बुधवार को आंदोलन के दौरान अधिवक्ता शेर सिंह, ओमकार सिंह चौहान, अशोक कुमार सिंह चौहान, अरविंद कुमार चतुर्वेदी, सुरेंद्र सिंह, वरुण दलेला, राधेश्याम शर्मा, प्रेमनरायन दीक्षित, रामप्रकाश सक्सेना, जवाहर सिंह यादव, अभय प्रताप सिंह, आबिर हुसैन, नवी अहमद कुरैशी, अनिल चौहान, तारिक हसन आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।