जीटी रोड पर चल रही झोलाछाप की दुकान। - अमर उजाला
- फोटो : ETAH
एटा। जिले में बढ़ते झोलाछापों की संख्या को लेकर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। नोटिस के बाद जवाब नहीं देने वालों को सूची बनकर तैयार हो चुकी है और एफआईआर कराने के लिए झोलाछाप और अपंजीकृत क्लीनिकों को चिह्नित भी कर लिया गया है।
झोलाछाप और अपंजीकृत क्लीनिक व हॉस्पिटलों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विगत दिनों 20 से अधिक झोलाछापों को नोटिस जारी किए गए थे। इनकी ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं दिया गया है। इस पर स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई करने के मूड में है।
नोटिस जारी होने वाले झोलाछापों की सूची तैयार कर ली है। इनके खिलाफ अब स्वास्थ्य विभाग पुलिस कार्रवाई करने जा रहा है। विदित हो कि पिछले दिनों से लगातार छापामार कार्रवाई के दौरान झोलाछापों को नोटिस दिए गए हैं लेकिन अब तक उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
हालांकि इस बार प्रशासन भी सख्त है और सीएमओ को झोलाछापों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसको लेकर झोलाछाप नोडल अधिकारी विधिक सलाह लेकर ठोस कार्रवाई कराने जा रहे हैं।
नोटिस जारी होने के बाद भी झोलाछापों ने जवाब दाखिल नहीं किए हैं। ऐसे झोलाछाप और अपंजीकृत अस्पताल चलाने वालों को चिह्नित कर लिया गया है। अब एफआईआर कराने की तैयारी है। आगे भी गोपनीय छापेमारी और कार्रवाइयां जारी रहेंगी।
डा. महाराज सिंह, नोडल अधिकारी झोलाछाप