उत्तर प्रदेश के आगरा में पारा चढ़ने से मौसम गर्म हो रहा है। दिन में गर्मी लगी ते ठंडा पानी पीने वालों को जुकाम, खांसी और फिर वायरल बुखार हो रहा है। आइसक्रीम और कोल्डड्रिंक से भी ऐसा ही हो रहा है। एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी और इमरजेंसी में ऐसे बच्चे अधिक संख्या में आ रहे हैं।
बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने बताया कि ओपीडी में 180 और इमरजेंसी में 20 से अधिक बच्चे आ रहे हैं। इसमें तेज बुखार, जुकाम-खांसी, पसली चलने की परेशानी वाले हैं। इसमें अधिकांश ने आइसक्रीम, कोल्डड्रिंक खा-पी ली। इससे पहले खराश, खांसी और फिर तेज बुखार आ गया। शादी-समारोह और बाजार में तला भोजन खाने से डायरिया भी शुरू हो गया है। बच्चों को दवा देने के साथ परिजनों को ठंडी सामग्री से बचाव को भी जागरूक कर रहे हैं।
बढ़े एलर्जी के मरीज
होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. पवन पारीक ने बताया कि सुबह-रात में ठंड और दिन में गर्मी है। इसमें मरीज ठंडी सामग्री उपयोग कर लेते हैं। इससे वायरल बुखार, सिर-मांसपेशियों में दर्द की परेशानी मिल रही है। एलर्जी से बार-बार छींक, नाक से पानी आना, गले में दर्द की दिक्कत भी मरीजों में मिल रही है। ठसके के साथ खांसी भी लोगों को परेशान कर रही है। इससे हर उम्र के मरीज हैं। इनको दवा देने के साथ ही बचाव के लिए भी जागरूक कर रहे हैं।
इन बातों का रखें ख्याल :
- सुबह-रात में शर्ट के अंदर इनर पहनना बंद न करें।
- कोल्डड्रिंक, आइसक्रीम से अभी होली तक बचें।
- फास्ट फूड, तले भोजन से बच्चों को खिलाने से बचें।
- दमा, सांस के रोगी दवाएं बंद न करें, धूल-धुआं से बचें।