विकास भवन स्थित स्टॉल पर उत्पादों की जानकारी लेते डीएम और सीडीओ
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। विकास भवन में महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए बनाए गए स्टॉल का सोमावर को उद्घाटन हो गया। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने जहां 40 रुपये में लाल मिर्च पाउडर का पैकेट खरीदा तो वहीं मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ईशा प्रिया ने 120 रुपये में एक जोड़ी चप्पल खरीदी।
उन्होंने बताया कि स्टॉल पर ग्रामीण क्षेत्र में संचालित महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की बिक्री की जाएगी। इससे उत्पादों की बिक्री बढ़ने के साथ ही एक पहचान भी मिलेगी। ये स्टॉल समूहों को सात दिन के लिए आवंटित किया जाएगा। पहले दिन तीन समूहों के अलग-अलग उत्पाद लगाए गए।
अंबेडकर स्वयं सहायता समूह कुबेरपुर की महादेवी ने जहां चप्पलों की बिक्री की तो वहीं प्रतिज्ञा आजीविका ग्राम संगठन रामपुर सैदपुर की सरिता ने मसालों और वैष्णवी स्वयं सहायता समूह धारऊ की सुधा देवी ने कृत्रिम आभूषणों की बिक्री की। जिलाधिकारी ने इस पहले के लिए मुख्य विकास अधिकारी की प्रशंसा भी की। इस दौरान जिला विकास अधिकारी पीके राय, डीसी एनआरएलएम रंजीत सिंह, डीपीआरओ स्वामीदीन, एनआरएलएम के मिशन प्रबंधक प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।