मैनपुरी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिविल जज अमित मिश्रा ने जमीन पर कब्जे के मामले में डीएम से आख्या मांगी है। प्राधिकरण में एक महिला द्वारा की गई शिकायत पर संज्ञान लेते हुए प्राधिकरण सचिव ने कार्रवाई कर एक सप्ताह में स्पष्ट आख्या देने को कहा है।
शहर के मोहल्ला छपट्टी निवासी रुचि भदौरिया ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में शिकायत कि मोहनपुर में उसकी एक जमीन है। इस जमीन का मुकदमा अदालत में चल रहा है। लॉकडाउन की अवधि में इस जमीन पर मिट्टी डालकर शीतगृह मालिक प्रमोद कुमार मिश्रा ने कब्जा कर लिया है।
मामले में शिकायत के बाद भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। विधिक सेवा प्राधिकरण में शिकायत के साथ जमा अभिलेखों पर प्राधिकरण सचिव सिविल जज अमित मिश्रा ने सुनवाई की। मामले की सुनवाई करने के बाद प्राधिकरण सचिव सिविल जज ने मामले में डीएम से आख्या मांगी है। आदेश में कहा कि इस संबंध में कार्रवाई करके शिकायत करने वाले द्वारा बताए गए तथ्यों केे आधार पर बिंदुवार स्पष्ट आख्या एक सप्ताह में प्राधिकरण कार्यालय में दें।