निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते डीएम
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिलाधिकारी ने बुधवार को बेवर थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं का जल्द से जल्द निस्तारण करने और हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी रखने के निर्देश दिए। बुधवार को बेवर थाने के औचक निरीक्षण के दौरान डीएम पीके उपाध्याय ने कहा कि थाने में कुल 117 विवेचनाएं लंबित हैं, जिन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
इसके अलावा थाना बेवर में 131 हिस्ट्रीशीटर दर्ज है, जिसमें से 22 लापता चल रहे हैं और 15 जेल में है। उन्होंने शेष 94 हिस्ट्रीशीटर की नियमित रूप से निगरानी करने के आदेश दिए। इसके बाद उन्होंने 24.68 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (एटीएस) भवन का निरीक्षण किया।
उन्होंने फिनिशिंग में कुछ जगह कमी मिलने पर कार्यदायी संस्था के अभियंता को सुधार के निर्देश दिए। इसके साथ ही मजदूरों को सेफ्टी किट के साथ ही कार्य करने के लिए कहा।
स्कूलों की हकीकत जानने के लिए डीएम पीके उपाध्याय बुधवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय नानामऊ पहुंचे। यहां दस बजे तक छात्रों की अनुपस्थित दर्ज नहीं की गई थी। इसके अलावा छात्र विकास माह अगस्त में एक भी दिन विद्यालय नहीं आया था, फिर भी उसका नाम उपस्थित पंजिका में अंकित है।
इस पर जिलाधिकारी ने सुधार के निर्देश दिए। वहीं कन्या प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में पंजीकृत 102 छात्रों में से 67 छात्र विद्यालय में उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान रसोइया शीतला देवी, गंगाश्री एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय की रसोइया राजवती व कृष्णा देवी ने बताया कि उन्हें माह अक्तूबर 2018 से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की बाउंड्रीवाल के प्लास्टर में मानकों की अनदेखी कर नदी की बालू प्रयोग करने पर नाराजगी जताते हुए बीएसए को जांच करने के आदेश दिए।