पेपर लीकः चेकिंग को पहुंचे शिक्षा विभाग के अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
एटा में डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान शुक्रवार को प्रयागराज में पेपर लीक हो गया। वहां से पेपर वाट्सएप के द्वारा एटा तक पहुंच गया। पेपर लीक होते ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारी महारानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स इंटर कॉलेज पहुंच गए। यहां मामले की पड़ताल की गई। इस दौरान कुछ छात्र अपने प्रवेश पत्र पर प्रश्नों के आंसर लिख लाए थे। इन्हें शिक्षकों ने छात्रों के कक्षाओं में प्रवेश से पहले मिटवा दिया।
एटा में 20 केंद्रों पर डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा में एटा और कासगंज के करीब सात हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। शुक्रवार को गणित की परीक्षा 12 से थी, यह पर्चा परीक्षार्थियों के पास 11.30 बजे पहुंच गया। वहीं दो बजे से सामाजिक विज्ञान की परीक्षा थी। इसका प्रश्नपत्र भी प्रशिक्षुओं को 1.30 बजे से पहले मिल गया।
छात्रों ने बताया कि वार्ष्णेय कालेज के मैदान में एक युवक दो-दो हजार रुपये में इसे बेच रहा था। छात्रों ने बताया कि सामाजिक विज्ञान के लघु उत्तरीय में आग्नेय शैल, हमारे मौलिक कर्तव्य से जुड़े सवाल थे, यही सवाल परीक्षा कक्ष में मिले प्रश्नपत्र में भी थे। गणित में पूछे गए प्रश्न भी वायरल हुए प्रश्नपत्र से मिल रहे थे।