डीएलएड पेपर लीक मामला: प्रश्नपत्र हल कराता युवक
- फोटो : अमर उजाला
एटा जिले में डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) द्वितीय सेमेस्टर का गणित और सामाजिक विज्ञान का आउट पेपर ऑफलाइन दो-दो हजार रुपए में बिक गया। व्हाट्सएप पर यह 10 हजार रुपए में बिका। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के समीप स्थित वार्ष्णेय कॉलेज के मैदान से यह पेपर पूरे शहर में फैल गया, लेकिन पास ही बैठे अधिकारियों को भनक तक नहीं लगी। अमर उजाला की टीम को मौके पर व्हाट्सएप से प्रश्न पत्र बेचते युवक मिल गया, लेकिन अधिकारियों का दावा है कि वह मौके पर पहुंचे तो वहां कोई नहीं था।
प्रश्नपत्र लीक होने की जानकारी शुक्रवार को दोपहर में उस वक्त हुई जब महारानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स इंटर कॉलेज पर जमा छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों की भीड़ में इसकी चर्चा उठी। इसके बाद शहर के सभी केंद्रों पर हड़बड़ी की स्थिति देखी गई। आनन-फानन में पहुंचे अधिकारी मामले की तह तक जाने के बजाय उसे दबाते रहे।
होटल में हुई डील
सूत्रों के मुताबिक प्रश्नपत्र लीक करने की डील महारानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स इंटर कॉलेज के समीप एक होटल में हुई। यहां करीब दर्जन भर छात्र-छात्राएं पेपर देने के कारण रुके हुए हैं। गुरुवार की रात पेपर आउट करने वाला युवक पहुंचा और छात्रों से समय से आधा घंटे पहले पेपर उपलब्ध कराने की डील की। इस बात का खुलासा तब हुआ जब पेपर देने कॉलेज पहुंचे छात्रों ने बताया कि वह खाना खाने या फिर अन्य काम के कारण लेट हुए हैं। इन्हीं छात्रों के प्रवेश पत्र पर उत्तर लिखे मिले थे।