आगरा। अब पेंशनरों को अपना जीवित प्रमाणपत्र जमा करने के लिए कोषागार कार्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। वे घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (डीएलसी) प्रस्तुत कर सकेंगे। तहसील स्तर पर इसके लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।
विज्ञापन
भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग इस माह राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान चला रहा है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि पेंशनर स्मार्टफोन के प्ले स्टोर से आधार फेस आईडी और जीवन प्रमाणपत्र एप इंस्टॉल कर फेस ऑथेंटिकेशन के जरिये घर बैठे अपना प्रमाणपत्र ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
मुख्य कोषाधिकारी वरुण खरे ने बताया कि एत्मादपुर में 13, बाह में 15, किरावली में 17, खेरागढ़ में 19 और फतेहाबाद में 21 नवंबर को शिविर लगाए जाएंगे। शिविर दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक आयोजित होंगे। इस दौरान कोषागार टीम पेंशनरों को ऑनलाइन प्रक्रिया में मदद करेगी।