फतेहाबाद। श्रावण माह और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना फतेहाबाद पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बुधवार को पुलिसकर्मियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कस्बा फतेहाबाद सहित क्षेत्र के सभी शिव मंदिरों के आसपास श्रावण मास के दौरान अंडा व मांस की दुकानें संचालित नहीं होने दी जाएंगी। जहां ऐसी दुकानें चल रही हैं, उन्हें बंद कराया जाएगा। इसके अलावा डीजे संचालकों की बैठक बुलाकर डीजे बजाने पर प्रतिबंध की जानकारी दी जाएगी, ताकि धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शिव मंदिरों पर पुलिस टीम समय-समय पर निरीक्षण करेगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कांवड़ यात्रा को लेकर भी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए हैं।