दिवाली से पहले घरों की साफ-सफाई और रंग-रोगन के दौरान धूल-मिट्टी व केमिकल के संपर्क में आने से त्वचा संबंधी समस्याओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज की OPD में मंगलवार को करीब 320 मरीज त्वचा रोग विभाग में पहुंचे।
आगरा में दिवाली की जगमगाती तैयारियों के बीच घरों में रंग-रोगन और साफ-सफाई का दौर जोरों पर है। अब यह भागदौड़ सेहत पर भारी पड़ रही है। धूल-मिट्टी और केमिकल्स के संपर्क में आने से एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में त्वचा रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
विज्ञापन
एसएन मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. यतेंद्र चाहर ने बताया कि इन दिनों मरीजों में त्वचा पर लाल चकत्ते पड़ने, अर्टिकेरिया (पित्ती) और एटोपिक डर्मेटाइटिस की शिकायतें काफी बढ़ गई हैं। इस सीजन में अस्पतालों में भी मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। मंगलवार को एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में कुल 3,639 मरीज पहुंचे, जिनमें 988 नए और 2,651 पुराने मरीज शामिल रहे।
अकेले त्वचा रोग विभाग में ही लगभग 320 मरीज जांच और इलाज के लिए पहुंचे। विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि साफ-सफाई और पेंट आदि करते और करवाते समय चेहरे पर मास्क, हाथों में दस्ताने और आंखों में चश्मे का इस्तेमाल जरूर करें, ताकि धूल और केमिकल्स के हानिकारक प्रभावों से बचा जा सके।