फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra: कलेक्ट्रेट में दिव्यांगों ने रोकी डीएम की गाड़ी, किया हंगामा, सुरक्षाकर्मियों ने हटाया

Wed, 08 Jun 2022 08:11 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, आगरा

सार

अंत्योदय कार्ड की मांग को लेकर आंदोलित दिव्यांगों ने प्रशासन पर अपमान के आरोप लगाए। पहले दिव्यांग तहसील पहुंचे थे वहां एसडीएम के नहीं मिलने पर डीएम से शिकायत के लिए कलेक्ट्रेट आए। 
विज्ञापन
विरोध प्रदर्शन करते दिव्यांग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा में दिव्यांगों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में डीएम की गाड़ी रोक ली। अपनी ट्राई साइकिलें खड़ी कर हंगामा किया। हालांकि चंद मिनट में ही सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हटाकर गाड़ी निकलवाई। अंत्योदय कार्ड की मांग को लेकर आंदोलित दिव्यांगों ने प्रशासन पर अपमान के आरोप लगाए। पहले दिव्यांग तहसील पहुंचे थे वहां एसडीएम के नहीं मिलने पर डीएम से शिकायत के लिए कलेक्ट्रेट आए थे।

विज्ञापन


चिलचिलाती धूप में अपनी ट्राई साइकिलों से जब दिव्यांग कलेक्ट्रेट पहुंचे तो वहां दिव्यांगों के लिए आरक्षित पार्किंग स्थल पर अधिकारियों की गाड़ियां खड़ी थीं। दिव्यांगों ने पार्किंग पर कब्जा करने के आरोप लगाए। इसी बीच डीएम की गाड़ी आती देख दिव्यांगों ने उन्हें वहीं रोकने और अपनी बात कहने के लिए गाड़ी रोक ली। सुरक्षाकर्मियों के हटा देने के बाद करीब एक घंटे तक धूप में हंगामा व धरना-प्रदर्शन किया। हालांकि तब तक पार्किंग से अधिकारियों ने गाड़ियां हटवा लीं।

'सरकारी योजनाओं को नहीं मिल रहा लाभ'

भारतीय दिव्यांग यूनियन जिलाध्यक्ष बोबी गोला ने बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ दिव्यांगों को नहीं मिल रहा। अधिकारी दिव्यांगों से दुर्व्यवहार करते हैं। उनकी सुनवाई नहीं हो रही। दिव्यांग भगवान दास ने बताया कि अंत्योदय कार्ड धारकों की जांच व दिव्यांगों को पात्रों में शामिल करने की मांग को लेकर एसडीएम से मिलने सदर तहसील गए थे। तीन बार सूचना भेजने पर भी एसडीएम मिलने नहीं आईं। सक्षम अधिकारी के नहीं आने पर शिकायत के लिए सभी दिव्यांग कलेक्ट्रेट आए और मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। 

विज्ञापन

मिढ़ाकुर से आए गब्बर सिंह ने बताया दिसंबर 2021 को दिव्यांगों की समस्याओं के निस्तारण के लिए मुख्यमंत्री से लखनऊ में मिलने गए थे। वहां जिलाधिकारी से मिलने को कहा गया। पिछले पांच महीने में कई बार अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन समस्याएं दूर नहीं हुई हैं। प्रदर्शन करने वालों में राजेंद्र सिंह, नरेश बघेल, समीना उस्मानी, कालीचरन, पूनम देवी, पवन कुमार, मुकेश, चंद्रावती आदि दिव्यांग मौजूद रहे।

ये हैं दिव्यांगों की मांगें

  • दिव्यांगों के अंत्योदय राशन कार्ड बनवाए जाएं
  • प्रतिमाह दिव्यांग पेंशन 1500 रुपये की जाए
  • दिव्यांगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं
  • 200 दिव्यांगों को बैटरी ट्राई साइकिल दी जाए
  • सरकार दिव्यांगों के लिए रोजगार उपलब्ध कराए
  • दिव्यांगों को सरकारी दफ्तरों में सम्मान मिले

नहीं रोकी मेरी गाड़ी- डीएम 

जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने कहा कि दिव्यांगों ने मेरी गाड़ी नहीं रोकी। जब मैं सुबह करीब 11.30 बजे बैंकरों की बैठक के लिए निकल रहा था तो दिव्यांग अपने लिए आरक्षित पार्किंग स्थल की मांग को लेकर एकत्र हुए थे। दिव्यांगों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उनकी जो समस्याएं हैं उनका निराकरण कराया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें