सीढ़ी से दूसरी मंजिल पर जाते नरेंद्र सिंह
- फोटो : अमर उजाला
आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज में स्टाफ की अनदेखी की वजह से बुखार से तड़पते दिव्यांग मरीज को इलाज के लिए भटकना पड़ा। ओपीडी में दिखाने पहुंचे दिव्यांग को व्हील चेयर नहीं मिली और वार्ड ब्वाय भी मदद के लिए नहीं पहुंचे। गार्ड की ओर से गलत जानकारी दिए जाने की वजह से दिव्यांग को घिसटकर दूसरी मंजिल तक जाना पड़ा। फिर वहां से भूतल पर भेज दिया गया।
दिव्यांग नरेंद्र सिंह सुबह करीब 11 बजे एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में दिखाने के लिए पहुंचे। व्हीलचेयर न उपलब्ध होने पर वह घिसटते हुए पर्चा बनवाने के लिए पहुंचे। पर्चा बनवाने के बाद ओपीडी में पहुंचे। यहां तैनात गार्ड ने उन्हें दूसरी मंजिल पर भेज दिया। वहां पहुंचने पर स्टाफ भूतल पर मेडिसिन विभाग की ओपीडी में जाने के लिए कहा। बड़ी मुश्किल से वह घिसटते हुए मेडिसिन विभाग में पहुंचे। यहां डॉक्टर ने उन्हें देखा और दवाएं लिखीं। इसके बाद वह खुद दवा लेने के लिए काउंटर पर पहुंचे। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता का कहना है कि दिव्यांग को व्हीलचेयर पर गार्ड क्यों नहीं ले गया, इसकी जानकारी करके कार्रवाई की जाएगी।