फोटो19नवाबगंज नगरिया सहकारी समिति पर डीएपी खाद लेने के लिए लगी किसानों कीभीड़। संवाद
गंजडुंडवारा। सहकारी समिति नवाबगंज नगरिया पर डीएपी खाद के वितरण में मनमानी के आरोप लग रहे हैं। किसानों का आरोप है कि समिति के कर्मचारी और कार्यकर्ता मनमाने तरीके से चहेतों को खाद बांट रहे हैं। किसान यूनियन ने इस रवैये पर एतराज जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
इन दिनों किसानों को गेहूं की बुवाई के लिए खाद की जरूरत है, लेकिन समिति पर खाद की भारी किल्लत बनी हुई है। किसान सुबह से लाइन में लग जाते हैं, फिर भी शाम को उन्हें बैरंग लौटना पड़ता है। कई दिनों तक चक्कर काटने के बाद भी खाद नहीं मिल पा रही। शुक्रवार को नवाबगंज नगरिया सहकारी समिति पर डीएपी के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ी। करीब आठ घंटे तक लाइन में लगने के बावजूद अधिकांश को खाद नहीं मिल सकी। समिति पर करीब 500 बोरी डीएपी खाद का वितरण सोमवार से पुलिस की मौजूदगी में शुरू किया गया था। किसानों का आरोप है कि समिति पर मौजूद कार्यकर्ता मनमाने तरीके से खाद का वितरण करते हैं। ऐसे किसानों को भी खाद दे दी गई जो पहले ही कई बार समिति से खाद प्राप्त कर चुके हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि समिति की कार्यप्रणाली की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आगामी रबी के सीजन में किसानों को समय पर खाद मिल सके। इस संबंध में किसान यूनियन हरपाल गुट के जिला अध्यक्ष वीरेश यादव का कहना है कि अगर खाद वितरण में इसी तरह की अनियमित चलती रही तो किसान यूनियन आंदोलन करने पर मजबूर होगी, इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।