ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण में जिले का 13वां स्थान बीते माह की अपेक्षा पांच पायदान ऊपर चढ़ गया जिला
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। आईजीआरएस रैंकिंग में मैनपुरी प्रदेश में 13वें स्थान पर पहुंच गया है। शासन द्वारा जुलाई के आधार पर जारी की ई रैंकिंग में सुधार हुआ है। जून की अपेक्षा इस बार मैनपुरी पांच पायदान ऊपर चढ़ गया है। रैंकिंग जारी होने के बाद जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने पूरी टीम को बधाई दी है।
जनता द्वारा आईजीआरएस पर विभिन्न शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कराई जाती हैं। इन शिकायतों को स्थानांतरण करने, निस्तारित करने और फीडबैक देने तक मॉनीटरिंग की जाती है। इसी के आधार पर शासन प्रत्येक माह पूरे प्रदेश के जिलों की रैंकिंग जारी करता है। बुधवार को शासन ने जुलाई में शिकायत निस्तारण के आधार पर रैंकिंग जारी की। इसमें मैनपुरी को उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में 13वां स्थान मिला है। कुल 130 अंकों में से 126 अंक जिलाधिकारी मैनपुरी को प्राप्त हुए हैं। संयुक्त रूप से नौ जिले इस बार 13वें स्थान पर हैं। प्रशासन के सुखद बात ये है कि जून के आधार पर जारी रैंकिंग की अपेक्षा इस बार सुधार हुआ है। जून के आधार पर प्रदेश में मैनपुरी को 18वां स्थान मिला था। ऐसे में इस बार मैनपुरी पांच पायदान ऊपर चढ़ गया है।
फिरोजाबाद आगे, आगरा मथुरा पीछे
आगरा मंडल के अगर चारों जिलों की रैंकिंग देखें तो फिरोजाबाद मैनपुरी से आगे है। दरअसल फिरोजाबाद को रैंकिंग में सातवां स्थान मिला है। वहीं मथुरा को 30वां और आगरा को 68वां स्थान प्राप्त हुआ है।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि आईजीआरएस की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। मैनपुरी को 13वां स्थान मिलने पर टीम को बधाई देता हूं। आगे और बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा।
-विनोद कुमार, सीडीओ/प्रभारी आईजीआरएस