जनपदीय युवक समारोह 21 से 23 अक्तूबर तक
- नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जनपदीय युवक समारोह की तिथि घोषित कर दी गई है। बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देश पर जिला क्रीड़ा सचिव ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 21 से 23 अक्तूबर तक जनपदीय युवक समारोह का आयोजन पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा।
जनपदीय युवक समारोह के लिए पूर्व में 14 से 16 अक्तूबर की तिथि रखी गई थी। इस बीच नवरात्र और दशहरा का अवकाश पड़ने के कारण तैयारी नहीं हो सकी और युवक समारोह को स्थगित कर दिया गया था। बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने व्यायाम शिक्षकों के साथ बैठक की और जनपदीय युवक समारोह के लिए तिथि घोषित कर दी। जिला क्रीड़ा सचिव स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि जनपदीय युवक समारोह / एथलेटिक्स प्रतियोगिता 21 से 23 अक्तूबर तक पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में बालक वर्ग के लिए राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी और बालिका वर्ग के लिए राजकीय बालिका इंटर काॅलेज मैनपुरी के प्रधानाचार्य को संयोजक बनाया गया है।
जिला क्रीड़ा सचिव ने जिले के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे 19 अक्तूबर तक प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की पात्रता संबंधित काॅलेज के प्रधानाचार्य के पास जमा कराना सुनिश्चित करें। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि वित्तविहीन कॉलेजों के प्रधानाचार्य प्रतियोगिता में अपने छात्र-छात्राओं का तभी प्रतिभाग करा सकेंगे जब वे अपने कॉलेज का क्रीड़ा शुल्क निर्धारित तिथि में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा कर देंगे।