कासगंज। जिला पंचायत कार्यालय में तैनात कर्मी ने युवक पर रिश्वत देने व गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। मामले में उसने आरोपियों के खिलाफ सदर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मोहल्ला अशोक नगर निवासी जिला पंचायत कर्मी रामसेवक ने बताया कि वह 24 जुलाई दोपहर करीब 2 बजे सरकारी कार्य से कहीं जा रहे थे। आरोप है कि तभी हिमांशु शाक्य निवासी आरके क्लीनिक, मोहल्ला इंद्रपुरी, धुमरी रोड़ सिढ़पुरा, दीपेंद्र यादव निवासी नगला मेम मुस्तफाबाद, जसराना, जनपद फिरोजाबाद व दो अज्ञात युवक कार्यालय आए। इस दौरान हिमांशु शाक्य जबरन रामसेवक की गाड़ी में बैठने लगा। आरोप है कि बार-बार मना करने के बाद भी हिमांशु कार में बैठने की कोशिश कर रहा था। जब उन्होंने विरोध किया तो हिमांशु ने फाइल में एक लाख रुपये रखकर उन्हें रिश्वत देने की कोशिश की। कर्मी ने फाइल लेने से मना कर दिया और फाइल को बाहर फेंक दिया। जिससे फाइल में रखे एक लाख रुपये निकल कर जमीन पर गिर गए। प्रकरण में रामसेवक ने हिमांशु के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।