कासगंज। जिला जेल पचलाना का बुधवार दोपहर को जिला जज सैय्यद माऊज बिन आसिम, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित व सीजेएम विजय कुमार द्वारा निरीक्षण किया गया। यहां की जेल में रखे गए टॉप 10 अपराधियों की सुरक्षा व्यवस्था की जेल अधीक्षक से जानकारी प्राप्त की। जेल में बाहुबली विधायक अब्बास, कुख्यात अपराधी कुंटू सिंह और झुन्ना पंडित बंद हैं। इन अपराधियों के जेल में निरुद्ध होने से यह जेल संवेदनशील हो गया है।
बुधवार को दोपहर के समय अधिकारीगण दोपहर के समय जिला कारागार पहुंचेे। सभी अधिकारियों ने हाई सिक्योरिटी बैरक में बंद अपराधियों की सुरक्षा व्यवस्था को सीसीटीवी कैमरे, बॉडीवार्न कैमरे व ड्रोन कैमरे के माध्यम से परखा। कंट्रोल रूम से लाइव सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जेल के बाहर व आस-पास की सुरक्षा व्यवस्था को के साथ बैरक, पाकशाला तक अधिकारी निरीक्षण को पहुंचे। जेल अस्पताल की व्यवस्थाएं देख दवाओं की उपलब्धता को जाना। बंदियों से भी अधिकारियों ने बातचीत की। अधिकारियों ने जेल अधीक्षक से कर्तव्यों व दायित्वों का निर्वहन सही तरीके से करने को कहा। बोले किसी भी तरह की प्रतिबंधित सामग्री जेल में पहुंचे। यदि कोई बंदी बीमार होता है तो उसका तत्काल इलाज कराया जाए। भोजन की गुणवत्ता व सफाई व्यवस्था का ध्यान रखा जाए। इस दौरान जेल अधीक्षक विजय विक्रम सिंह ने अधिकारियों को जानकारियां दीं।