चुनाव के दौरान 24 घंटे अलर्ट पर रहेगा जिला अस्पताल
विज्ञापन
- सीएमओ ने सीएमएस को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। करहल विधानसभा उप चुनाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। सीएमओ ने सीएमएस को पत्र लिखकर जिला अस्पताल में 24 घंटे रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों की तैनाती के साथ दवा की व्यवस्था रखने को कहा है।
सीएमओ ने मंगलवार को सीएमएस जिला अस्पताल मैनपुरी डॉ. मदनलाल को एक पत्र जारी कर निर्देश दिए कि करहल विधानसभा उप चुनाव को देखते हुए जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं को बेहतर रखा जाए। मतदान कर्मियों को किसी भी स्थिति में उपचार के लिए व्यवस्था की जाए। अस्पताल में जरूरी उपचार के साथ जीवन रक्षक दवाइयां भी उपलब्ध रहें। एंबुलेंस की व्यवस्था भी रखी जाए। सीएमएस को निर्देश दिए गए कि वे अस्पताल में 24 घंटे रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों की व्यवस्था रखें।
सीएमओ का पत्र प्राप्त होने के बाद सीएमएस ने जिला अस्पताल के डॉक्टरों को निर्देश दिए हैं कि कोई भी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा जरूरत पड़ने पर ऑन कॉल सभी अस्पताल में सेवा के लिए तैयार रहेंगे। स्वयं सीएमएस भी समय-समय पर अस्पताल की व्यवस्थाओं के निरीक्षण के लिए मौजूद रहेंगे। सीएमएस ने सभी डॉक्टरों को निर्देश दिए कि कोई भी अपने मोबाइल को बंद नहीं करेगा।