खंदौली। थाना क्षेत्र के जेके नगर (पोइया) में मस्जिद की सबमर्सिबल से पानी लेने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने 75 वर्षीय बुजुर्ग के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद मौके पर हंगामा हो गया और भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जेके नगर (पोइया) निवासी मुरादी खां मस्जिद की देखरेख करते हैं। आरोप है कि क्षेत्र का ही युवक शरीफ खां मस्जिद की सबमर्सिबल से पानी लेने पहुंचा था। इस पर मुरादी खां ने उसे टोकते हुए कहा कि वह पानी की टंकी खुली छोड़ देता है, जिससे पानी व्यर्थ बहता है, इसलिए उसे पानी नहीं दिया जाएगा। इसी बात से नाराज होकर युवक ने बुजुर्ग के साथ मारपीट कर दी। मारपीट के बाद भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से फरार हो गया। बुजुर्ग के परिजन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।