आगरा में थाना जगदीशपुरा के गांव सदरवन में शुक्रवार दोपहर को 50 गज के प्लॉट पर वाहन खड़े करने को लेकर हुए विवाद के बाद दो गुटों में संघर्ष हो गया। उनमें लाठी-डंडे चलने लगे। पथराव भी किया गया। इसमें 19 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना दोपहर तकरीबन तीन बजे की है। गांव सदरवन में 50 गज का एक प्लॉट है। इस पर गांव के ही रहने वाले हरिगोपाल और रघुवर दयाल गुट अपना-अपना दावा करते हैं। हरि गोपाल ने पुलिस को बताया कि वह दरवाजे पर खड़े होकर बेटे अनिल से बात कर रहे थे। तभी घर के सामने पड़े प्लॉट पर गांव के रघुवर दयाल गुट के लोग अपने वाहन खड़े करने लगे। यह देखकर हरि गोपाल ने विरोध किया। इस पर विवाद हो गया।
ये भी पढ़ें- दुस्साहसः घर में घुसकर ननद और भाभी से किया दुष्कर्म, आरोपी हुए फरार
थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह ने बताया कि रघुवर दयाल के परिवार के नरेश, जसपाल, दिनेश समेत 50-60 लोग आ गए। वहीं हरि गोपाल गुट के लोग भी पहुंच गए। लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। इस दौरान पथराव भी किया। बवाल से गांव में अफरातफरी मच गई।
सूचना पर थाने की फोर्स पहुंच गई। हमले में 19 लोग घायल हुए थे। पुलिस ने सभी को मेडिकल के लिए भेजा। आरोपियों के खिलाफ एसआई ऋषिपाल की ओर से मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। दोनों के बीच एक प्लाट का विवाद चल रहा है। दोनों प्लाट पर अपना दावा करते हैं। इस पर वाहन खड़ा करने पर विवाद हुआ। आरोपियों को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया जाएगा।
यह हुए घायल
एक गुट के रामअवतार, कमलकांत शर्मा, देवेंद्र शर्मा, राजू, अनिल शर्मा, सत्येंद्र शर्मा, रेवती रमण शर्मा, विवेक शर्मा, पुष्पा शर्मा, कुसुम शर्मा, राजकुमारी, ज्योति, हरिगोपाल शर्मा, गोपाल शर्मा, निरंजन हैं। वहीं दूसरे गुट के सुधीर पाठक, अभिषेक पाठक, हरिकिशन, कलुआ पाठक घायल हैं।