फिरोजाबाद के जसराना में शव के अंतिम संस्कार को लेकर शुक्रवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष का कहना था कि जिस जगह पर चिता जलाई जा रही है उस जमीन पर पूर्व में भी अंतिम संस्कार हुए हैं वहीं दूसरे पक्ष ने जमीन पर अपना अधिकार जताया। सूचना पर पुष्पेंद्र सिंह, सीओ अनिवेश कुमार सिंह, कोतवाल आजादपाल सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और दोनों पक्ष से बात कर अंतिम संस्कार को राजी किया। अधिकारियों ने कहा जांच के बाद ही कोई फैसला होगा।
ये है मामला
कस्बा जसराना के मोहल्ला गाडीवान निवासी श्रीलाल जाटव की पत्नी अनार देवी (55) की कैंसर से मौत हो गई। शव के अंतिम संस्कार के लिए परिवार के लोग बाईपास मार्ग पर एक खेत में शव का अंतिम संस्कार करने लगे। सूचना पर दूसरे पक्ष के लोग भी पहुंचे। जमीन को अपनी बताकर अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने जहां श्मशान होने की बात कही तो दूसरे पक्ष ने जमीन पर अपना अधिकार बताया। कोतवाल ने कहा कि दोनों पक्षों से बात कर अंतिम संस्कार कराया गया।
स्टेशन रोड पर छात्रों की पिटाई का वीडियो वायरल
शिकोहाबाद के स्टेशन रोड पर एके कॉलेज के सामने स्थित एक साइबर कैफे पर दो छात्र ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचे। इसी दौरान फर्जी प्रमाणपत्र जारी करने को लेकर छात्रों और साइबर कैफे वाले में बहस हो गई। जिसके बाद दुकानदार ने अपने सहयोगी के साथ छात्रों पिटाई कर दी। छात्रों के साथ पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार का कहना है कि थाने पर किसी तरह की कोई शिकायत आयी है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।