मैनपुरी। आईजी आगरा जोन बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर स्थित एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आग से बचाव का प्रशिक्षण पाने वाले 900 स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। आईजी ने कहा कि सभी मनोयोग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें ताकि मुख्यमंत्री की ओर से दिए गए 100 दिन के लक्ष्य पर हम खरे उतर सकें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से 100 दिवसीय कार्ययोजना के तहत लोक कल्याण के कार्य के संबंध में सभी विभागों को लक्ष्य दिया गया है। इसके तहत गर्मी के मौसम में आगजनी की घटनाओं के दौरान राहत कार्य के लिए 900 स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण दिया गया है। आईजी आगरा जोन नचिकेता झा दोपहर करीब 12 बजे एसपी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्हें गारद ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। एसपी कमलेश दीक्षित के साथ आईजी ने स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। आईजी ने एसपी व क्षेत्राधिकारियों के साथ कार्यालय में बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
पिस्टल चोरी को लेकर जानकारी ली
आईजी के आगमन की एक वजह करहल के कस्बा चौकी इंचार्ज की पिस्टल चोरी का मामला भी बताया जा रहा है। आईजी ने करीब एक घंटा तक एसपी कमलेश दीक्षित, सीओ करहल अशोक कुमार व सर्किल के अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ गोपनीय बैठक की। बैठक में दरोगा अनिल कुमार की पिस्टल चोरी का मुद्दा प्रमुख रहा। आईजी की ओर से पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली गई। जल्द पिस्टल ढूंढने के निर्देश दिए। विशेष जांच टीमों को इसमें लगाने के लिए कहा गया।