ताजगंज में सागा इंपोरियम के पास ट्राई साइकिल पर इस अवस्था में मिला दिव्यांग।
आगरा। ताजगंज क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई। सागा इंपोरियम के पास लगभग 50 वर्षीय दिव्यांग की सड़क किनारे रातभर ट्राईसाइकिल पर बैठे-बैठे मौत हो गई। 17 घंटे बाद शनिवार सुबह 11 बजे लोगों ने कंबल हटाया तो वह निढाल होकर एक तरफ लुढ़क गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यह घटना समाज के साथ ही प्रशासन की भी बेरुखी उजागर करती है।
ताजगंज निवासी फैजान ने बताया कि सागा इंपोरियम के सामने शुक्रवार शाम करीब छह बजे दिव्यांग ट्राईसाइकिल से आया था। उसने साइकिल किनारे लगा ली और कंबल ओढ़कर साइकिल पर ही सोने लगा। किसी ने भी उसकी ओर ध्यान नहीं दिया। शनिवार सुबह 11 बजे तक जब दिव्यांग वैसे ही कंबल ओढ़े बैठा दिखा तो भीड़ लग गई। एक व्यक्ति ने उसे हिलाकर जगाने का प्रयास किया तो वह लुढ़क गया। उसकी काफी देर पहले ही मौत हो चुकी थी। लोगों ने ठंड से मौत की आशंका जताई। लोगों का कहना था कि अगर किसी ने रात में ही ध्यान दिया होता तो शायद उसकी जान बच जाती।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर इंस्पेक्टर ताजगंज पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। दिव्यांग की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने मौत की वजह पता करने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के पास से कोई दस्तावेज नहीं मिला है। शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थानों में तस्वीर भेजी गई है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी पता चल सकेगा।