दो शिक्षकों पर कार्रवाई के लिए डीआईओएस ने लिखा पत्र
मैनपुरी। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने जनता इंटर कॉलेज सराय लतीफ और सरस्वती इंटर कॉलेज अजीतगंज में तैनात दो शिक्षकों पर कार्रवाई के लिए प्रबंधक को पत्र लिखा है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने 15 दिन में कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने जनता इंटर कॉलेज सराय लतीफ और सरस्वती इंटर कॉलेज अजीतगंज के प्रंबंधकों को पत्र लिखकर कहा है कि माध्यमिक शिक्षा परिषद ने अवगत कराया है कि उनके यहां तैनात एक-एक शिक्षक के अभिलेखों में हेराफेरी की गई है।
इन शिक्षकों पर कार्रवाई से पहले नोटिस जारी कर इनके अभिलेखों की जांच कराएं। जांच के बाद इन पर कार्रवाई करते हुए 15 दिन के अंदर उनके कार्यालय को कार्रवाई से अवगत कराया जाए। निदेशक माध्यमिक शिक्षा परिषद ने अपने आदेश में कहा है कि इन शिक्षकों के अभिलेख एसआईटी जांच में गलत बताए गए हैं।
शिक्षा निदेशक के पत्र के अनुसार प्रबंधकों को आदेश जारी किया गया है। प्रबंधक की जांच और उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मनोज कुमार वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक